समदड़ी क्षेत्र खेजड़ियाली गांव में गुरुवार दोपहर को खेत से लौट रहे युवक पर फायरिंग करने का मामला
राजस्थान की आवाज/समदड़ी
समदड़ी क्षेत्र खेजड़ियाली गांव में गुरुवार दोपहर को खेत से लौट रहे युवक पर फायरिंग करने का मामला सामने आया है। युवक के पैर में गोली लगने से वह गंभीर घायल हो गया। इसका समदड़ी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार करवाने के बाद जोधपुर रेफर किया गया। सूचना पर समदड़ी थाना के एएसआई चेलाराम कटारिया ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। परिवादी पक्ष की ओर से पुलिस थाने में देर रात तक मामला दर्ज नहीं करवाया गया है। इससे गोली लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, वहीं घटनाक्रम के बाद पुलिस टीम जांच में जुटी हुई है।
खेत लौट रहे युवक पर देशी पिस्टल से फायरिंग
जानकारी अनुसार गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे खेजड़ियाली निवासी गणपतसिंह (40) पुत्र दलपतसिंह राजपूत अपने खेत की रखवाली कर वापस लौट रहा था। इस दौरान अज्ञात बदमाशों ने उसके पैर में गोली मार दी, जो आर-पार हो गई।
गोली की आवाज सुनकर खेत में काम कर रहे लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
गोली लगने की आवाज सुनकर खेत में काम कर रहे परिजन मौके पर पहुंच गए। उन्होंने खून से लथपथ युवक को समदड़ी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया। जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उसे जोधपुर रेफर किया गया।